मैनपुरी: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य विवेक यादव ने कहा है कि देश में राजनीतिक व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई का आगाज उत्तर प्रदेश में मैनपुरी से होगा। यह पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक होगी, जिसमें भविष्य के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए जायेंगे।
यह बात गुरुवार को उन्होंने यहां पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में पार्टी की नीतियों की जानकारी देते हुए कही। उन्होंने कहा कि जहां राजनीतिक दल अपनी रणनीति प्रदेश की राजधानी में बैठकर बनाते हैं वहीं आम आदमी पार्टी जिले में बैठकर अपनी रणनीति तय करेगी।

श्री यादव का कहना था कि जहां सभी राजनीतिक दल परिवारवाद का शिकार हो चुके हैं सभी दलों में नेताओं के उत्तराधिकारी उनके परिवार से निकलते हैं इससे बचने को पार्टी के संविधान में व्यवस्था की गयी है कि एक परिवार के दो लोग किसी भी पद पर नहीं रह सकते हैं। आंतरिक लोकपाल और लोकायुक्तों के गठन की व्यवस्था होगी, जिसमें देश का कोई भी नागरिक जो पार्टी का सदस्य हो किसी भी सदस्य की जांच कराने की मांग कर सकता है। पार्टी के गठन में 33 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य होगी। पार्टी के व्यवस्थापन के लिए एक संयोजक, एक सचिव, एक कोषाध्यक्ष रहेंगे। राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अलावा स्थानीय मुद्दों पर भी पार्टी मजबूती से लड़ेगी।
उन्होंने जनपद के लोगों से अपील की कि वे बदलाव की इस बयार में अरविंद केजरीवाल का साथ दें। इस अवसर पर मुन्ना सिंह, एसके दुबे, अजय शुक्ला सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें